मंगलवार 11 अगस्त 2026 - 13:19
सीरत-ए-नबवी प्रचार और लोगों से संपर्क के लिए सर्वोत्तम उदाहरण है: हुज्जतुल इस्लाम हुसैनी क़ुमी

हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन हुसैनी क़ुमी ने कहा है कि पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत मुहम्मद मुस्तफ़ा सल्लल्लाहु अलैहि व आलेहि वसल्लम की मुबारक सीरत में लोगों के साथ नरमी, उनका ख़याल रखना, धर्म के प्रचार में संतुलन, सामने वाले की आवश्यकताओं और क्षमता को समझना तथा अच्छे व्यवहार जैसे प्रमुख गुण पाए जाते हैं, जिन्होंने बहुत से लोगों को इस्लाम की ओर आकर्षित किया।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन हुसैनी क़ुमी ने कहा है कि पैग़म्बरे इस्लाम (स) की मुबारक सीरत में लोगों के साथ नरमी, उनका ख़याल रखना, धर्म के प्रचार में संतुलन, सामने वाले की आवश्यकताओं और क्षमता को समझना तथा अच्छे व्यवहार जैसे प्रमुख गुण पाए जाते हैं, जिन्होंने बहुत से लोगों को इस्लाम की ओर आकर्षित किया।

आयतुल्लाहिल उज्मा नूरी हमदानी के कार्यालय में सफ़र महीने के तीसरे अशरे की मजलिसों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पारंपरिक और ऐतिहासिक पुस्तकों में पैग़म्बरे इस्लाम सल्लल्लाहु अलैहि व आलेहि वसल्लम की अनेक विशेषताओं का वर्णन किया गया है। इब्ने शहर आशूब ने अपनी पुस्तक «मनाक़िब आले अबी तालिब» में आपकी लगभग 150 विशेषताओं का उल्लेख किया है।

उन्होंने ख़ातेमुन नबीयीन होना, संक्षिप्त और व्यापक बात कहने की क्षमता, पूरी मानवता के लिए पैग़म्बर बनाकर भेजे जाना, इस्लाम का क़यामत तक बाक़ी रहना और पवित्र क़ुरआन को आपका स्थायी चमत्कार बताया। उन्होंने कहा कि इस्लामी शरीअत आसानी और मनुष्य की क्षमता को ध्यान में रखती है तथा बिना किसी कारण के कठोरता पर आधारित नहीं है।

अख़लाक़-ए-नबवी; लोगों को इस्लाम की ओर आकर्षित करने का माध्यम

हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन हुसैनी क़ुमी ने कहा कि पैग़म्बरे इस्लाम (स) लोगों की बातें पूरी एकाग्रता से सुनते थे और अपरिचित लोगों के साथ भी धैर्य और सहनशीलता से पेश आते थे। उन्होंने अदी बिन हातिम के इस्लाम स्वीकार करने की घटना की ओर संकेत करते हुए कहा कि रसूलुल्लाहؐ का एक वृद्ध महिला की बात धैर्यपूर्वक सुनना और अतिथि के सम्मान में अपनी जगह उसे दे देना, अदी बिन हातिम पर गहरा प्रभाव डाल गया और वे आपके अख़लाक़ से प्रभावित होकर इस्लाम ले आए।

उन्होंने कहा कि पैग़म्बरे इस्लाम (स) व्यक्तिगत इबादत में लंबे समय तक क़ियाम करते थे, लेकिन जमाअत की नमाज़ में लोगों की स्थिति का ख़याल रखते और नमाज़ को संक्षिप्त करते थे। आपने मुआज़ बिन जबल को भी लंबी क़िराअत करने से रोकते हुए ताकीद की कि ऐसा तरीका न अपनाएं जिससे लोग जमाअत से दूर हो जाएं।

उन्होंने आगे कहा कि रसूलुल्लाह ने धर्म के प्रचार में भी क्रमबद्धता और संतुलन की शिक्षा दी। हज़रत अली (अ) को यमन रवाना करते समय निर्देश दिया कि पहले लोगों को तौहीद और रिसालत की दावत दें, फिर नमाज़ और उसके बाद अन्य धार्मिक आदेशों को बयान करें।

उन्होंने कहा कि धर्म का प्रचार करने वालों को चाहिए कि सीरत-ए-नबवीؐ से मार्गदर्शन लेते हुए लोगों की क्षमता और परिस्थितियों का ध्यान रखें, संक्षिप्त और प्रभावी बातचीत करें, कठोरता से बचें तथा नरमी और अच्छे आचरण के माध्यम से लोगों के दिलों को धर्म की ओर आकर्षित करें।

उन्होंने अच्छे व्यवहार को सीरत-ए-नबवी का महत्वपूर्ण सिद्धांत बताते हुए कहा कि पैग़म्बरे इस्लाम (स) ने लोगों के साथ नरमी और अच्छा व्यवहार करने को भी फ़र्ज़ की तरह महत्वपूर्ण बताया। सीरत-ए-नबवी में इबादत और आध्यात्मिकता के साथ लोगों से प्रेम, धैर्य, संतुलन तथा इंसानों की इज़्ज़त और सम्मान भी शामिल है, जो आज के धर्म प्रचारकों, शिक्षकों और समाज से संपर्क रखने वाले लोगों के लिए एक बेहतरीन व्यावहारिक आदर्श है।

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha